शहर को मिलेगा Tourist Spot, जोधपुर झाल को विकसित करने का जिम्‍मा लिया सिंचाई विभाग ने

जोधपुर झाल जल्द ही आकर्षण का केंद्र बनेगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि इस बाबत एक प्रस्ताव तैयार कर लखनऊ भेज दिया है। प्रस्ताव को शीघ्र शासन स्तर से हरी झंडी मिल जाएगी।


जोधपुर झाल है कृत्रिम


दीनदयाल धाम के नजदीक जोधपुर गांव में इस झाल के 55 हेक्टेयर इलाके में पिछले वर्षो जलाधिकार फाउंडेशन द्वारा 1100 मीटर का बंधा बनवाया गया था। इसमें करोड़ों लीटर पानी को संरक्षित किया जा चुका है। जलस्तर को बढ़ाने में यह कारगर है, साथ ही इसे मिनी बर्ड सेंचुरी भी कहा जाता है।


अधिकारियों ने किया था निरीक्षण


जलाधिकार फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनुराग शर्मा, राजीव सक्सेना, दिवाकर तिवारी, अन्नू दुबे के अनुसार कुछ दिनों पहले फाउंडेशन की टीम ने जोधपुर झाल का निरीक्षण किया था और इसे एक मनोरम पर्यटन स्थल बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की थी। फाउंडेशन पिछले वर्ष से ही पानी के फ्लो को सही ढंग से मैनेज करने के लिए गेट लगाने की मांग कर रही है। जिसे अधिकारियों द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।


 


ऐसे होगा विकास


 


सिंचाई विभाग के अनुसार झाल के चारों ओर मिट्टी के बंधे को और अधिक मजबूत कर उस पर स्लैब डाला जाएगा। यहां घूमने आने वालों के लिए चारों ओर बेंच लगाई जाएंगी। पर्यटकों के लिए यहां विश्राम कक्ष भी बनाया जाएगा।


 


सांसद भी सहमत


 


अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग अवधेश शर्मा ने बताया कि सीकरी सांसद राजकुमार चाहर भी इस प्रस्ताव से सहमत हैं। उन्होंने इस बाबत सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता भी की है। प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। हरी झंडी मिलने के बाद तत्काल काम शुरू होगा।